देश की खबरें | द्रौपदी मुर्मू बुधवार को असम में राजग सांसदों, विधायकों से मिलेंगी

गुवाहाटी, पांच जुलाई राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को यहां सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगी दलों के सांसदों एवं विधायकों से मुलाकात कर 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन मांगेंगी।

मुर्मू आज रात मणिपुर की राजधानी इंफाल से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ यहां पहुंचीं और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने उनका स्वागत किया।

भाजपा के सूत्रों ने बताया कि वह बुधवार को यहां एक होटल में भाजपा के साथ ही असम गण परिषद और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल के जन प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।

एआईयूडीएफ अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने भी मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा की है।

विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा भी असम का दौरा कर उनकी हिमायत कर रहे दलों के सांसदों एवं विधायकों से समर्थन मांग सकते हैं।

उधर मुर्मू के ओडिशा दौरे से पहले सत्तारूढ़ बीजद के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को राज्य के विधायकों से उनके लिए समर्थन मांगा।

पटनायक ने आज कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा से मुलाकात कर राष्ट्रपति चुनाव में ‘ओडिशा की बेटी’ के लिए उनकी पार्टी के विधायकों का समर्थन मांगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)