देश की खबरें | सीबीआई जांच के अनुरोध के साथ केरल उच्च न्यायालय पहुंचा डॉक्टर वंदना दास का परिवार

उच्च न्यायालय में शुक्रवार को दायर याचिका में परिवार ने आरोप लगाया है मामले में अपना दामन पाक साफ दिखाने की जल्दबाजी में पुलिस ने प्रथम सूचना वक्तव्य में जोड़तोड़ की है।

याचिका में कहा गया है कि कोट्टाराक्कारा पुलिस ने अपना दामन पाक साफ दिखाने लिए उस प्रथम सूचना वक्तव्य में जोड़तोड़ की जो मृतक चिकित्सक के कथित मित्र ने दिया। इस व्यक्ति का बयान उस समय लिया गया जब वह पीड़िता को उपचार के लिए ले जा रहा था और उसे बीच रास्ते में रोककर इसे दर्ज किया गया।

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि बयान देने वाले मित्र ने बार-बार कहा है कि पुनिस अपनी कहानी के हिसाब से तथ्यों को तोड़-मरोड़ रही है और इसके बावजूद पुलिस प्रशासन का रुख अवज्ञापूर्ण बना रहा।

याचिका में दावा किया गया है कि अपनी सुरक्षा में खामी को छुपाने के मकसद से पुलिस बेहद लापरवाही से मामले की जांच कर रही है।

मृत डॉक्टर के परिवार ने अपनी इकलौती बटी की हत्या के मामले की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध किया है।

याचिका में कहा गया है, ‘‘पुलिस को मामले को दबाने और महत्वपूर्ण साक्ष्यों को मिटाने का अवसर दिए बगैर मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपी जाए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)