देश की खबरें | द्रमुक ने अन्नाद्रमुक सरकार को सत्ता से हटाने और स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चेन्नई, नौ सितम्बर द्रमुक की आम परिषद ने यहां बुधवार को अन्नाद्रमुक सरकार को ‘‘जनता विरोधी’’ करार दिया और उसे सत्ता से बाहर करने एवं अगले वर्ष विधानसभा चुनाव जीतकर पार्टी अध्यक्ष एम के स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

द्रमुक ने वरिष्ठ नेता दुरईमुरुगन को सर्वसम्मति से महासचिव और वरिष्ठ नेता टी आर बालू को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और पार्टी नेता के. पोनमुडी उप महासचिव चुने गए।

यह भी पढ़े | Fire in Ahmedabad: गुजरात में सेनिटाइजर बनाने वाली कंपनी में लगी आग, मौके पर फायरब्रिगेड की 9 गाड़ियां मौजूद.

स्टालिन की अध्यक्षता में हुई द्रमुक की इस बैठक में अन्नाद्रमुक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया और केंद्र की निंदा करते हुए कहा गया कि वह करीब चार वर्षों से ऐसी सरकार का ‘‘संरक्षण’ कर रही है।

अन्नाद्रमुक 2011 से तमिलनाडु में सत्ता में है और पांच दिसम्बर 2016 को जे जयललिता के निधन के बाद के. पलानीस्वामी 16 फरवरी 2017 को मुख्यमंत्री बने थे।

यह भी पढ़े | अहमदाबाद से 9 किमी दूर सेनिटाइजर बनाने वाली कंपनी में लगी आग, मौके पर 9 गाड़ियां मौजूद: 9 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

द्रमुक ने एक प्रस्ताव में राज्य सरकार पर कोरोना वायरस महामारी से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए ई-पास, टेंडर जारी करने और जांच किट की खरीद सहित कई क्षेत्रों में अनियमितताओं का आरोप लगाया।

एक प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘यह आम परिषद तमिलनाडु में सामाजिक-आर्थिक और औद्योगिक विकास को समग्र रूप से प्रभावित करने....सभी विभागों के टेंडर में भ्रष्टाचार के लिए अन्नाद्रमुक सरकार की निंदा करती है।’’

इसमें कहा गया है कि ‘‘कोरोना वायरस महामारी भ्रष्टाचार’’ के पीछे जो भी हैं उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा।

प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘यह आम परिषद 2021 के विधानसभा चुनावों में जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी अन्नाद्रमुक को परास्त करके तमिलनाडु को फिर से विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए पार्टी अध्यक्ष एम के स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)