देश की खबरें | परिसीमन के विषय पर नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर लोकसभा पहुंचे द्रमुक सदस्य, कार्यवाही बाधित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सदस्य बृहस्पतिवार को नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर लोकसभा पहुंचे, जिस पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने संसदीय गरिमा का हवाला देते हुए विरोध जताया और फिर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
नयी दिल्ली, 20 मार्च द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सदस्य बृहस्पतिवार को नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर लोकसभा पहुंचे, जिस पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने संसदीय गरिमा का हवाला देते हुए विरोध जताया और फिर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
द्रमुक के सदस्य परिसीमन के विषय पर नारे लिखी हुई टी-शर्ट पहनकर सदन में पहुंचे थे। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी की मांग है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन नहीं होना चाहिए क्योंकि इससे उन प्रदेशों को लोकसभा सीटों के संदर्भ में नुकसान होगा जिन्होंने प्रभावी ढंग से जनसंख्या नियंत्रण किया है।
पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर बिरला ने द्रमुक सदस्यों को लोकसभा की मर्यादा की याद दिलाई। साथ ही, सत्तापक्ष के कुछ सदस्यों ने भी आपत्ति जताई।
बिरला ने द्रमुक सदस्यों से कहा, ‘‘सदन मर्यादा और गरिमा से चलता है। मैं कुछ दिनों से देख रहा हूं कि सदस्य गण सदन की गरिमा को भंग कर रहे हैं और सदन की नियम- प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नियम संख्या 349 आपको पढ़ना चाहिए। इसमें सदन की प्रतिष्ठा बनाये रखने के लिए कैसा व्यवहार किया जाना चाहिए और कैसा आचरण होना चाहिए, उस बारे में लिखा हुआ है।’’
लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों को आगाह करते हुए कहा, ‘‘अगर आप टी-शर्ट पहन कर यहां (सदन में) आएंगे, नारे लगाते आएंगे, नारे लिखकर आएंगे तो सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी। अगर आप टी-शर्ट नहीं पहन कर आएंगे, तभी सदन की कार्यवाही चलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे कोई भी बड़ा नेता हो, सदन की मर्यादा और परंपराओं का उल्लंघन करेगा तो लोकसभा अध्यक्ष होने के नाते उसे बरकरार रखने की जिम्मेदारी मेरी है।’’
उन्होंने अपनी सीट पर खड़े होकर शोरगुल कर रहे विपक्षी सदस्यों से कहा कि यदि वे सदन की कार्यवाही नहीं चलने देना चाहते तो बाहर चले जाएं।
इसके साथ ही, उन्होंने सदन की कार्यवाही बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे पुन: आरंभ होने पर द्रमुक सदस्य एक बार फिर से नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। उन्होंने पटका भी डाल रखा था। इसपर, भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने फिर से आपत्ति जताई।
पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कहा, ‘‘माननीय सदस्य, आप इस तरह से सदन में नहीं आ सकते। आप कृपया नियम को पढ़िए।’’
इसके बाद, उन्होंने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2025 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

