देश की खबरें | धवन को गायकवाड़ से मिलेगी कड़ी टक्कर, वेंकटेश दक्षिण अफ्रीका दौरे पर एकदिवसीय टीम के लिए तैयार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय चयनकर्ताओं के लिए आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले एकदिवसीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की विजय हजारे ट्रॉफी में खराब लय चिंता का सबब हो सकती है लेकिन युवा रुतुराज गायकवाड़ और वेंकटेश अय्यर का टीम में चुना जाना लगभग तय है।
नयी दिल्ली, 12 दिसंबर भारतीय चयनकर्ताओं के लिए आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले एकदिवसीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की विजय हजारे ट्रॉफी में खराब लय चिंता का सबब हो सकती है लेकिन युवा रुतुराज गायकवाड़ और वेंकटेश अय्यर का टीम में चुना जाना लगभग तय है।
जनवरी में खेले जाने वाले तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने पहले ही रोहित शर्मा को इस प्रारूप का कप्तान नियुक्त कर दिया है लेकिन अभी टीम की घोषणा नहीं हुई है।
यह देखा जाना बाकी है कि चयनकर्ता 50 ओवर की प्रतियोगिता के लिए बायो-बबल और कार्यभार प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए कितने खिलाड़ियों को टीम में जगह देते हैं ।
विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में गायकवाड़ और अय्यर ने अब तक क्रमशः तीन और दो शतक लगाए हैं।
अय्यर ने इस दौरान कुछ विकेट भी चटकाये है, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि वह टीम के प्रमुख ऑलराउंडर के रूप में फिलहाल हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ने के लिए तैयार है।
यह समझा जाता है कि लोकेश राहुल और रोहित की उपस्थिति में सलामी बल्लेबाज के तौर पर अय्यर को टीम में जगह मिलना मुश्किल है। ऐसे में उन्हें पांचवें या छठे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए फिनिशर की भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने केरल के खिलाफ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 112 रन और फिर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 71 रन बनाकर इस तरह की भूमिका निभाई।
इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए रविवार को उन्होंने 113 गेंद में 10 छक्के की मदद से 151 रन की पारी खेली।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता के शर्त पर पीटीआई- से कहा, ‘‘ वेंकटेश निश्चित रूप से दक्षिण अफ्रीका जा रहे हैं। वह हर मैच में 9 या 10 ओवर गेंदबाजी कर रहा है और हार्दिक के अस्वस्थ होने के कारण उसे मौका देने का अच्छा समय है। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)