देश की खबरें | यूडीएफ की केंद्रीय मंत्री से उनकी टिप्पणी को लेकर माफी की मांग

तिरुवनंतपुरम, दो फरवरी केरल में विपक्षी कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन से बजट आवंटन के संबंध में राज्य के खिलाफ अपनी कथित टिप्पणी वापस लेने और राज्य के लोगों से माफी मांगने का आग्रह किया।

कांग्रेस नीत मोर्चे ने कहा कि मत्स्य पालन एवं अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री का बयान राज्य का अपमान करने के समान हैं, इसलिए उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने एक बयान कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 में केरल का जिक्र तक नहीं है और राज्य की किसी भी मांग पर इसमें गौर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब इसे राजनीतिक आलोचना के तौर पर उठाया गया तो केंद्रीय मंत्री ने राज्य के पूरे लोगों का अपमान करते हुए प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य का अपमान करने वाले जॉर्ज कुरियन को एक पल भी पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें अपना बयान वापस लेना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।’’

केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने शनिवार को कहा था कि अगर केरल को केंद्र से और अधिक धन चाहिए तो राज्य को यह घोषित करना चाहिए कि वह शिक्षा, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण के मामले में पिछड़ा हुआ है।

राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाताओं से बात करते हुए कुरियन ने उक्त टिप्पणी केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और विपक्षी यूडीएफ की ओर से केंद्रीय बजट 2025-26 की तीखी आलोचना के मद्देनजर की थी, जिन्होंने केंद्र सरकार पर बजट में राज्य की सभी मांगों की ‘अनदेखी’ करने का आरोप लगाया।

सतीशन ने यह भी कहा कि राज्य से एक अन्य केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे भी इसी तरह के विचार रखते हैं।

कांग्रेस नेता ने संघ परिवार और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) से केरल की उपलब्धियों में उनकी भूमिका स्पष्ट करने को कहा। दोनों केंद्रीय मंत्रियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि न तो गोपी और न ही कुरियन में राज्य की जरूरतों को पूरा करने की इच्छाशक्ति है।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि राजनीतिक एजेंडे को लागू करने के लिए अत्यधिक प्रयास वार्षिक बजट की विश्वसनीयता को खत्म कर देंगे। विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि संघ परिवार का प्रयास केरल द्वारा वर्षों से हासिल की गई उपलब्धियों को नष्ट करना है।

यह आरोप लगाते हुए कि कुरियन के शब्दों में दक्षिणपंथी संगठन का उद्देश्य झलकता है, सतीशन ने उन्हें यह भी याद दिलाया कि वे भाजपा के मंत्री होते हुए भी केरलवासी हैं।

केरल में माकपा नेतृत्व ने भी मंत्री के बयानों की कड़ी आलोचना की।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, राज्य के वित्त मंत्री के एन बालगोपाल और सतीशन ने कहा था कि शनिवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट में 24,000 करोड़ रुपये के विशेष वित्तीय पैकेज और वायनाड के पुनर्वास के लिए एक और पैकेज सहित राज्य की कई मांगों को "अनदेखा" किया गया।

उन्होंने बजट को ‘‘निंदनीय’’, ‘‘अत्यंत निराशाजनक’’ और ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)