नयी दिल्ली, पांच जून दिल्ली के तिमारपुर में एक झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है और जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में 40 एकड़ में फैली झील को फिर से विकसित करने की परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में एक पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करना और भूजल स्तर को बढ़ाना है, जिससे स्थानीय आबादी के लिए पानी के संकट को कम किया जा सके।
दिल्ली के जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तिमारपुर झील के निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्र में पौधे लगाए।
उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और परियोजना अपने अंतिम चरण में है। भारद्वाज ने कहा कि शेष काम जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद झील जनता के लिए खोल दी जाएगी।
उनके दफ्तर ने एक बयान में कहा कि सरकार झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रही है। यहां एक सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) बनाया जा रहा है, जो साफ पानी को झील में प्रवाहित करेगा।
भारद्वाज ने झील की तस्वीरें भी ट्वीट कीं जिन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर साझा किया।
केजरीवाल ने कहा, "तिमारपुर में इस खूबसूरत झील और खूबसूरत परिवेश को देखें। ऐसी कई झीलें पूरी दिल्ली में विकसित की जा रही हैं। दिल्ली झीलों का शहर बन रही है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY