देश की खबरें | दिल्ली खेल विश्वविद्यालय नौकरी में मदद के लिए खिलाड़ियों को डिग्री प्रदान करेगा: केजरीवाल

नयी दिल्ली, 24 जून दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि आगामी दिल्ली खेल विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को डिग्री प्रदान करेगा ताकि अगर वे काम करना चाहते हैं, तो इससे उन्हें नौकरी में मदद मिल सके।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने खिलाड़ियों के सामने आने वाली तीन कठिनाइयों यानी सुविधाओं की कमी, वित्तीय सहायता की कमी और चयन प्रक्रियाओं में राजनीतिक हस्तक्षेप को खत्म कर दिया है।

उन्होंने यहां खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए आयोजित समारोह में कहा, ''दिल्ली खेल विश्वविद्यालय में, खिलाड़ियों को उनके संबंधित खेलों में डिग्री प्रदान की जाएगी जैसे कबड्डी में बीए, कुश्ती में बीए और क्रिकेट में बीए आदि। इससे उन्हें काम करने में मदद मिलेगी।''

केजरीवाल ने कहा, '' ‘मिशन एक्सीलेंस’ के तहत खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। हमने खेल सुविधाओं में सुधार किया है और यहां योजनाओं के लिए खिलाड़ियों के चयन में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है।''

उन्होंने कहा, ''खिलाड़ियों के लिए खेल और करियर के बीच दुविधा का सामना करना काफी आम है। उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ती है और अगर वे खेल में सफलता हासिल करने में असमर्थ हैं, तो उनके लिए नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो जाता है।''

केजरीवाल ने कहा, ''नियोक्ता उनसे पूछता है कि उनकी शैक्षिक योग्यता क्या है और यदि उनके पास स्नातक की डिग्री होगी तो उन्हें इसके बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं होगी। आप जो भी खेल चुनते हैं, आपको उसी में डिग्री मिलेगी और आप किसी भी नौकरी के लिए आवेदन करने के योग्य होंगे।''

इस योजना के तहत शुक्रवार को 60 खिलाड़ियों को 9.5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

केजरीवाल ने कहा, ''योजना के पहले वर्ष में, हमने 117 खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए 9.51 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की है। हम एक ऐसे भारत का सपना देख रहे हैं, जिसमें खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में चीन और अमेरिका से अधिक पदक लेकर आएं। हम प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने देंगे। हमें देश को गौरवान्वित करना होगा।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)