देश की खबरें | दिल्ली कौशल विश्वविद्यालय ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए यूएनडीपी के साथ समझौता किया

नयी दिल्ली, नौ फरवरी दिल्ली कौशल और उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) तथा संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसरों तक पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

यूएनडीपी समझौते के माध्यम से भारत में ‘वुमेन वर्क्स फेलोशिप’ कार्यक्रम में डीएसईयू को समर्थन प्रदान करेगा। कौशल विश्वविद्यालय ने दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से अगस्त 2022 में महिला कार्य कार्यक्रम (डब्ल्यूडब्ल्यूपी) शुरू किया था।

विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत में यूएनडीपी के लिए, वंचित समुदायों, विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और उद्यमिता तक पहुंच बढ़ाने पर ध्यान देने के साथ समावेशी विकास को बढ़ावा देना एक प्राथमिकता वाला क्षेत्र है।’’

डीएसईयू की कुलपति प्रोफेसर अमिता देव ने कहा कि इस पहल से विश्वविद्यालय को युवाओं, खासकर महिलाओं के कौशल और उद्यमशीलता की आकांक्षाओं को बढ़ाने के लिए समुदाय तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

देव ने कहा, ‘‘हम सभी अपने आसपास के समुदाय में कम से कम एक महिला को जानते हैं जो अपने कौशल का उपयोग कर रही है और उसने एक छोटी सी दुकान स्थापित की है, चाहे वह हमारी रसोइया हो या पड़ोस में दर्जी हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे सभी पहले से ही उद्यमी हैं, हम उन्हें कुछ विशेष नहीं सिखाने जा रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा उद्देश्य अवसरों की पहचान करने, विशेषज्ञता प्राप्त करने, उनके बाजार और अन्य संभावनाओं को समझने तथा उद्यमी बनने की उनकी यात्रा में उनके साथ रहना है।’’

यूएनडीपी इंडिया की प्रतिनिधि डेनिस करी ने साझेदारी पर बात करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी देश की प्रगति को गति देने के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘यूएनडीपी कौशल विकास, उद्यमशीलता के अवसरों, बाजार से जुड़ाव और गैर-पारंपरिक आजीविका को बढ़ावा देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए काम कर रहा है। हम डीएसईयू के साथ साझेदारी करके खुश हैं और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर अपने काम को मजबूत कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)