दिल्ली पुलिस ने 2600 किलोग्राम से अधिक अवैध पटाखे बरामद किए, दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो लोगों के पास से 2625 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया है. इन पटाखों को आगामी त्यौहार के दौरान बेचा जाना था.
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो लोगों के पास से 2625 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया है. इन पटाखों को आगामी त्यौहार के दौरान बेचा जाना था. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आरोपियों मुकुल जैन (24) और उसके भतीजे तुषार जैन (19) को मंडोली औद्योगिक इलाके से गिरफ्तार किया गया है. Delhi: अक्टूबर के शुरूआती 10 दिनों में हुई बारिश पिछले 16 साल में दूसरा सर्वोच्च रिकार्ड: मौसम विभाग.
पुलिस ने बताया कि मुकुल शाहदरा का रहने वाला है और वह 2018 से पटाखों की खरीद-बिक्री में शामिल था जबकि तुषार 2020 से उसके साथ काम करता था और उसे 12 हजार रुपये महीना मिलता था. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने पटाखों का निर्माण, भंडारण, बिक्री और ऑनलाइन बिक्री मंचों के जरिए उनकी आपूर्ति के साथ-साथ दिल्ली में एक जनवरी तक हर तरह के पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई हुई है जिसके मद्देनजर ये गिरफ्तारियां की गई हैं.
गुप्त सूचना पर टीम ने दिल्ली के मंडोली औद्योगिक क्षेत्र 2 में छापेमारी की जहां अवैध पटाखों से भरे कार्टन एक ट्रक से उतारे जा रहे थे. कुल 145 कार्टन बरामद किए गए जिनमें से 2625 किलोग्राम पटाखे हैं. विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि गोदाम मुकुल जैन का है और उसके रिश्तेदार तुषार को वहां की देखरेख करने के लिए नियुक्त किया गया था.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा के करनाल और पंजाब के संगरूर के वितरकों से पटाखे खरीदते थे. उन्होंने बताया कि ये पटाखे दिल्ली-एनसीआर में आगामी त्यौहार के दौरान बेचे जाने थे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2022 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

