दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर की घटना की जांच के लिए टीम गठित की, प्राथमिकी दर्ज की
दिल्ली पुलिस ने राजेंद्र नगर के एक कोचिंग सेंटर में पानी भर जाने की घटना की जांच करने के लिए एक प्राथमिकी दर्ज की है और कई दल गठित किए हैं. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, 28 जुलाई : दिल्ली पुलिस ने राजेंद्र नगर के एक कोचिंग सेंटर में पानी भर जाने की घटना की जांच करने के लिए एक प्राथमिकी दर्ज की है और कई दल गठित किए हैं. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. इस कोचिंग सेंटर की इमारत के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गयी. पुलिस ने ‘राव आईएएस स्टडी सर्किल’ के मालिक और समन्वयक को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पूरी घटना की जांच के लिए कई टीम गठित की गयी हैं. हमने दिल्ली दमकल सेवा से उस इमारत और बेसमेंट के बारे में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा है, जिसका उपयोग एक पुस्तकालय के रूप में किया जा रहा था, लेकिन उसे ‘भंडार कक्ष’ (स्टोर रूम) बताया गया था.’’
उन्होंने बताया कि बेसमेंट जमीन के स्तर से आठ फुट नीचे था और शनिवार शाम को उसमें 18 से ज्यादा छात्र मौजूद थे, जब भारी बारिश के बाद उसमें पानी भर गया था. पुलिस विभाग में सूत्रों के अनुसार, बेसमेंट का प्रवेश द्वार बंद था, लेकिन बारिश के पानी के अत्यधिक बहाव के कारण यह क्षतिग्रस्त हो गया और पानी उसमें घुस गया. अधिकारी ने कहा, ‘‘हम घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हम उन लोगों की पहचान करेंगे, जो घटना के दौरान संस्थान के करीब खड़े थे और उनके बयान दर्ज करेंगे.’’ यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्रालय स्वतंत्रता दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 15 लाख पौधे लगाएगा
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एम. हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘हमने राजेंद्र नगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 106 (1) (जल्दबाजी या लापरवाही में किए कार्य से किसी व्यक्ति की मौत का कारण बनना, जो आपराधिक मानव वध की श्रेणी में नहीं आता), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने की सजा), 290 (इमारतों को गिराने, मरम्मत करने या बनाने के संबंध में लापरवाही) और धारा 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.’’ उन्होंने बताया कि अब तक हमने दो लोगों- कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को हिरासत में लिया है. बचाव अभियान के दौरान बेसमेंट से दो छात्राओं और एक छात्र का शव बरामद किया गया. पुलिस ने बताया कि इस घटना में मारे गए छात्रों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की श्रेया यादव (25), तेलंगाना की तान्या सोनी (25) और केरल में एर्नाकुलम के रहने वाले नवीन दलविन के रूप में की गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2024 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

