देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने ‘भगोड़े अपराधी’ को मुंबई से गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक अपराधी से बिल्डर बने व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पिछले 15 वर्षों से मुंबई में रह रहा था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 नवंबर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक अपराधी से बिल्डर बने व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पिछले 15 वर्षों से मुंबई में रह रहा था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इमरान हाशमी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में डकैती, लूट, चोरी और धोखाधड़ी की घटनाओं के साथ ही शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज 26 मामलों में वांछित था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) भीष्म सिंह ने बताया कि हाशमी रमजान पहलवान गिरोह का सदस्य था और दिल्ली में 15 साल पहले डकैती एवं चोरी के तीन मामलों में उसे ‘भगोड़ा अपराधी’ घोषित कर दिया गया था।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अपराध शाखा ने नवंबर 2009 में हाशमी को उसके चार साथियों रमजान पहलवान, जावेद, इरशाद और नाजिम उर्फ गुड्डू के साथ तब गिरफ्तार किया था, जब वे एक घर में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। इनके पास से चार देसी पिस्तौल, सात कारतूस और विभिन्न उपकरण बरामद किए गए थे।
सिंह ने बताया कि हाशमी को इस मामले में जमानत मिल गई थी, लेकिन वह दोबारा अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद हाशमी को डकैती और वाहन चोरी के दो और मामलों में गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में भी उसे जमानत मिल गई, लेकिन वह दोबारा कभी अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद अदालत ने उसे इन तीनों मामलों में भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि उसे यह सूचना मिली थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए हाशमी मुंबई चला गया है और उसने वहां एक बिल्डर के तौर पर काम करना शुरू कर दिया है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 20 नवंबर को हाशमी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान हाशमी ने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया कि वह मुकदमों से बचने के लिए अपने पैतृक स्थान बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को छोड़कर मुंबई में बस गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2024 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

