नयी दिल्ली, पांच जून राष्ट्रीय राजधानी में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को तुर्कमेनिस्तान के अपने समकक्ष राशिद मेरेदोव से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
जयशंकर ने कहा कि वह यहां पहुंचे अतिथि नेता द्वारा आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा का स्वागत करते हैं।
मेरेदोव एक महत्वपूर्ण सम्मेलन के लिए भारत आए हैं और दोनों विदेश मंत्रियों के बीच हैदराबाद हाउस में बैठक हुई।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जयशंकर ने मेरेदोव के साथ अपनी बैठक की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘तुर्कमेनिस्तान के विदेश मंत्री राशिद मेरेदोव से मिलकर खुशी हुई। खासकर व्यापार, निवेश, संपर्क, स्वास्थ्य और ऊर्जा समेत सभी क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मजबूत करने पर बातचीत हुई। आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की उनकी कड़ी निंदा का स्वागत करता हूं।’’
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत इस क्षेत्र के साथ घनिष्ठ, व्यापक और मजबूत साझेदारी बनाने के लिए मध्य एशिया वार्ता के चौथे संस्करण की मेजबानी कर रहा है।
दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित होने वाले सम्मेलन में कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री भाग ले रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY