नयी दिल्ली, छह मार्च दिल्ली में भाजपा सरकार की महिला समृद्धि योजना आठ मार्च से शुरू होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली में 21-60 वर्ष आयु वर्ग की वे महिलाएं जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है, उन्हें योजना प्रस्ताव के तहत 2,500 रुपये की मासिक सहायता मिलेगी।
योजना से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के मुख्य सचिव की उपस्थिति में एक बैठक में पात्रता मानदंडों पर चर्चा की गई। यह योजना विधानसभा चुनाव में भाजपा का एक प्रमुख चुनावी वादा था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला समृद्धि योजना के तहत पंजीकरण के लिए पात्र महिलाओं की आय सीमा 2.5 लाख रुपये होगी। हमने योजना का मसौदा तैयार कर लिया है, जिसे मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल की बैठक में पेश किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि मसौदा स्वीकृत होने के बाद पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सत्तारूढ़ पार्टी के वरिष्ठ नेता आठ मार्च के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रदान करने की योजना का ऑनलाइन पंजीकरण और कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम आठ मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने हाल ही में कहा था कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आठ मार्च से शुरू होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY