देश की खबरें | दिल्ली सरकार ने अपने स्कूलों में अतिथि शिक्षकों का वेतन बढ़ाने का आदेश दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली सरकार ने शिक्षा निदेशालय को अपने स्कूलों में अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पर काम करने का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर दिल्ली सरकार ने शिक्षा निदेशालय को अपने स्कूलों में अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पर काम करने का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।

दिल्ली अतिथि शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की और दिल्ली सरकार के स्कूलों में तैनात अतिथि शिक्षकों की ओर से एक ज्ञापन सौंपा।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने बैठक के दौरान स्कूलों में छात्रों के साथ अपने पठन-पाठन के अनुभव भी साझा किए।

इसमें कहा गया है, ‘‘दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों के प्रति आभार के रूप में, केजरीवाल सरकार ने उनके वेतन में वृद्धि करने का आदेश दिया है। यह नए साल से पहले उनके लिये एक उपहार होगा और महामारी के दौरान उन्हें यह महत्वपूर्ण राहत प्रदान करने वाला होगा ।’’

बयान के अनुसार महंगाई और जीवन यापन के खर्च में वृद्धि और कोविड-19 के कारण परिवारों के समक्ष उत्पन्न कठिनाई को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार ने शिक्षा विभाग को अतिथि और अनुबंध शिक्षकों के पारिश्रमिक में वृद्धि करने का निर्देश दिया है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि सरकार ने अतिथि शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की प्रक्रिया शुरू कर दी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now