नयी दिल्ली, आठ फरवरी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 24 जबकि आम आदमी पार्टी (आप) छह विधानसभा सीट पर आगे है।
हालांकि, टेलीविजन चैनलों ने भाजपा को 44 सीट पर आगे दिखाया है, जो बहुमत के आंकड़े 36 से काफी अधिक है।
टीवी चैनलों पर जारी रुझानों के अनुसार आप 25 जबकि कांग्रेस एक सीट पर आगे है। भाजपा के कपिल मिश्रा करावल नगर सीट पर 3,109 मतों से आगे हैं, जबकि त्रिनगर में तिलक राम गुप्ता 3,373 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
भाजपा के उम्मीदवार संजय गोयल (शाहदरा), चंदन चौधरी (संगम विहार), बजरंग शुक्ला (किरारी) और करतार सिंह तंवर (छतरपुर) आगे हैं।
आम आदमी पार्टी के गोपाल राय (बाबरपुर), दुर्गेश पाठक (राजिंदर नगर), अंजना पारचा (त्रिलोकपुरी) और वीर सिंह धिंगान (सीमापुरी) अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
टेलीविजन चैनलों पर आ रहे ताजा रुझानों के अनुसार‘आप’ के प्रमुख अरविंद केजरीवाल नयी दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा से पीछे हैं।
कालकाजी सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी भाजपा के रमेश बिधूड़ी से पीछे हैं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा में पीछे हैं, जबकि ‘आप’ के सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर आगे हैं।
दिल्ली में पांच फरवरी को हुए चुनाव में 1.55 करोड़ पात्र मतदाताओं में से 60.54 प्रतिशत ने मतदान किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY