देश की खबरें | दिल्ली : महिला का यौन उत्पीड़न करने वाला डीटीसी बस परिचालक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 23 अगस्त उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने और उसकी अश्लील तस्वीरें तथा वीडियो बनाने वाले दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बस परिचालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अश्लील तस्वीरों तथा वीडियो के जरिए महिला को ब्लैकमेल किया और कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला ने पहले 2010 से 2017 तक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में टाइपिस्ट के रूप में काम किया था, लेकिन संतान होने के बाद उसने काम पर जाना छोड़ दिया था।

तिमारपुर निवासी महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि वह दो साल पहले इलाके में रहने आई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई।

उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने कहा, ‘‘ एक दिन आरोपी प्रसाद लेकर महिला के घर आया और उससे कहा कि वह उसे डीटीसी में नौकरी दिलाने में मदद कर सकता है। आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक दी और उसे कुछ दस्तावेज लाने के लिए कमरे के अंदर जाने के लिए कहा। महिला ने वापस आकर कोल्ड ड्रिंक पी और प्रसाद खाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसकी अश्लील फोटो खींच ली और वीडियो भी बना लिया। आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए महिला को ब्लैकमेल कर उसका यौन उत्पीड़न किया। ’’

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक आरोपी के दोस्तों ने भी महिला का यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मामले में चार से पांच लोग शामिल थे। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)