देश की खबरें | दिल्ली: डेढ करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 14 फरवरी दिल्ली पुलिस ने एक अफ्रीकी नागरिक समेत मादक पदार्थों के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से डेढ करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन बरामद की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय अफ्रीकी नागरिक याओ और बिहार निवासी विकास (23) के तौर पर हुई है और उनके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की 141.9 ग्राम कोकीन बरामद की गई।

दक्षिण पश्चिम दिल्ली की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया, "दोनों तस्कर दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सक्रिय रूप से कोकीन की आपूर्ति कर रहे थे। एक गुप्त सूचना मिलने के बाद भीकाजी कामा प्लेस के निकट से इनकी गिरफ्तारी की गई।"

उन्होंने कहा कि पुलिस ने जाल बिछाया और उन्हें रिंग रोड पर एक बस स्टॉप के पास से पकड़ लिया। उनकी तलाशी लेने पर टीम ने उनके कब्जे से कोकीन बरामद की। पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, याओ 2018 में पर्यटक वीजा पर भारत आया था और वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से रह रहा था। उसने खर्चों को पूरा करने के लिए शुरू में कम मात्रा में कोकीन बेची, लेकिन वह जल्द ही बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया।

पुलिस ने बताया कि याओ को पहले गुरुग्राम में गिरफ्तार किया गया था और भोंडसी जेल में रखा गया था, जहां उसकी मुलाकात विकास से हुई, जो मादक पदार्थ से संबंधित अपराध को लेकर कारागार में बंद था।

उन्होंने बताया कि रिहा होने के बाद, दोनों ने मिलकर काम किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)