देश की खबरें | दिल्ली: मुख्यमंत्री लेंगी छोटा ब्रेक, उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों की करेंगी यात्रा

नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे करने के बाद जून के पहले सप्ताह में उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए दो दिन का संक्षिप्त अवकाश ले सकती हैं। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक जून को हरिद्वार जा सकती हैं, जहां वह हर की पैड़ी पर गंगा नदी में डुबकी लगाएंगी।

सूत्रों ने बताया कि अगले दिन रेखा गुप्ता केदारनाथ जाएंगी।

सरकार के एक सूत्र ने बताया, “मुख्यमंत्री अपनी सरकार के पहले 100 दिनों में व्यस्त कार्यक्रम के बाद ब्रेक ले रही हैं। इस यात्रा पर उनके साथ उनके परिवार के सदस्य भी हो सकते हैं।”

रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने शुक्रवार को अपने 100 दिन पूरे कर लिए।

इस वर्ष फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल कर 27 वर्ष बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)