विदेश की खबरें | बांग्लादेश में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर 59 हुई, करीब 54 लाख लोग प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश में आई विनाशकारी बाढ़ से देश के 11 जिलों में करीब 54 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में छह महिलाओं और 12 बच्चों सहित कम से कम 59 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ढाका, 31 अगस्त बांग्लादेश में आई विनाशकारी बाढ़ से देश के 11 जिलों में करीब 54 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में छह महिलाओं और 12 बच्चों सहित कम से कम 59 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय ने बाढ़ की स्थिति पर अद्यतन जानकारी देते हुए बताया कि सबसे अधिक मौतें कुमिल्ला और फेनी जिलों में हुई हैं, जो कि भारत के पूर्वोत्तर भाग में त्रिपुरा की सीमा से सटे हैं। मंत्रालय के मुताबिक दोनों जिलों में क्रमशः 14 और 23 लोगों की मौत हुई है।
बांग्लादेश के डेल्टा क्षेत्र और ऊपरी भारतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से बांग्लादेश करीब दो सप्ताह से प्रभावित है। इसकी वजह से लोगों और मवेशियों की मृत्यु हुई, हजारों लोगों केा विस्थापित होना पड़ा है एवं संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। देश में राजनीतिक परिवर्तन के बीच नवगठित अंतरिम सरकार के लिए यह एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती के रूप में उभरी है।
सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संघथा (बीएसएस) ने आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से बताया, ‘‘बाढ़ से 11 जिलों के 504 यूनियन और नगर पालिकाओं में 54,57,702 लोग प्रभावित हुए हैं। करीब सात लाख परिवार अभी भी बाढ़ में फंसे हुए हैं, जबकि करीब चार लाख लोग 3,928 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।’’
खबर के मुताबिक कुल 36,139 मवेशियों को भी वहां आश्रय दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे स्थिति में सुधार हो रहा है, लोग घर लौट रहे हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित जिलों में संचार व्यवस्था सामान्य हो गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मूसलाधार बारिश के अलावा, उफनती नदियां, अल नीनो और जलवायु परिवर्तन की घटनाएं देश में विनाशकारी बाढ़ के लिए जिम्मेदार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 31, 2024 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

