देश की खबरें | हरियाणा के भिवानी में राजस्थान निवासी दो लोगों के शव मिले

चंडीगढ़, 16 फरवरी हरियाणा के भिवानी जिले में एक वाहन से राजस्थान निवासी दो लोगों के जले हुए शव मिले हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

लोहारू (भिवानी) के पुलिस उपाधीक्षक जगत सिंह ने फोन पर बताया कि मृतकों की पहचान नासिर (25) और जुनैद उर्फ ​​जूना (35) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के भरतपुर जिले की पहाड़ी तहसील के घाटमीका गांव के रहने वाले थे।

पुलिस ने कहा कि बुधवार को दोनों का अपहरण कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि लोहारू इलाके में एक ग्रामीण ने बृहस्पतिवार को पुलिस को फोन कर जले हुए वाहन के बारे में बताया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को चार पहिया वाहन में दो जले हुए शव मिले। पुलिस ने कहा कि वाहन दोनों लोगों के परिचित व्यक्ति का था। उन्होंने कहा कि वाहन के चेसिस नंबर से वाहन मालिक की पहचान आसीन खान के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि कथित अपहरणकर्ता दोनों को यहां लेकर आए और फिर आधी रात के बाद वाहन में आग लगा दी। पुलिस ने कहा कि मृतकों के परिवार के सदस्यों को बुलाया गया और उन्होंने वाहन की पहचान की। कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।

पुलिस ने कहा कि राजस्थान के गोपाल गढ़ थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 365 समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)