पटना, 12 सितंबर नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि दरभंगा हवाईअड्डे से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए प्रत्येक दिन स्पाइस जेट के विमान नवंबर महीने के पहले सप्ताह से उड़ान भरेंगे।
दरभंगा हवाईअड्डे के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुँचे पुरी ने पत्रकारों से कहा कि इस हवाईअड्डे से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए प्रत्येक दिन स्पाइस जेट के विमान नवंबर महीने के पहले सप्ताह से उड़ान भरेंगे और इसके लिए बुकिंग 30 सितंबर से पहले हो जाएगी।
यह भी पढ़े | तेलंगाना: उस्मानिया जनरल अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के लिए किया प्रोटेस्ट.
उन्होंने कहा कि बिहार के प्रसिद्ध पर्व छठ के बहुत पहले यहां से उड़ान चालू हो जाएंगी।
दरभंगा के भाजपा सांसद गोपाली जी ठाकुर और मधुबनी के अशोक कुमार यादव सहित अन्य स्थानीय विधायकों की मौजूदगी में पुरी ने कहा कि कोविड-19 महामारी एवं वर्षा के कारण यहां कार्य पूरा होने में थोड़ी रुकावट आयी थी ।
इससे पूर्व, भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के डीजीएम ने दरभंगा हवाईअड्डे के अतिथि गृह में आयोजित एक बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री पुरी को इस हवाईअड्डे पर अब तक हुए कार्यों के बारे में अवगत कराया।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा से विमान सेवा शुरू हो जाने से मिथिलावासियों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि पटना हवाईअड्डा आने-जाने में काफी समय लग जाता था।
दरभंगा के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि राज्य सरकार के अंतर्गत आने वाले कार्यों में तेजी लायी जा रही है।
इस मौके पर नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव प्रदीप सिंह खरोला, भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविन्द सिंह भी उपस्थित थे।
इस बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फ़ातमी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर दरभंगा हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बनाने का आग्रह किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY