देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए ‘दाई-दीदी क्लीनिक’ की शुरूआत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में ‘दाई-दीदी क्लीनिक’ की शुरूआत के मौके पर बृहस्पतिवार को कहा कि यह देश में अपनी तरह का पहला ऐसा क्लीनिक है जो केवल महिलाओं का इलाज करेगा।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, 19 नवम्बर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में ‘दाई-दीदी क्लीनिक’ की शुरूआत के मौके पर बृहस्पतिवार को कहा कि यह देश में अपनी तरह का पहला ऐसा क्लीनिक है जो केवल महिलाओं का इलाज करेगा।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर महिलाओं के लिए ‘दाई-दीदी क्लीनिक’ का उद्घाटन किया।

यह भी पढ़े | Chhath Puja 2020: नगर निगम पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ ने COVID-19 के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों पर और जल निकायों के पास छठ पूजा पर लगाया प्रतिबंध.

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए तीन स्पेशल मोबाइल दाई-दीदी क्लीनिक की शुरूआत की।

उन्होंने बताया कि दाई-दीदी स्पेशल क्लीनिक में डॉक्टर सहित सभी चिकित्सा कर्मी महिलाएं होंगी और यहां केवल महिलाओं का ही निःशुल्क इलाज किया जाएगा।

यह भी पढ़े | Jammu and Kashmir: 12 घंटे के अंदर जम्मू-कश्मीर में दूसरी मुठभेड़ शुरू.

बघेल ने कहा कि दाई-दीदी क्लीनिक देश में अपनी तरह का पहला क्लीनिक है, जो केवल महिलाओं का इलाज करेगा।

उन्होंने बताया कि अभी इसे रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है तथा आगे इसका विस्तार किया जाएगा।

बघेल ने कहा कि संकोच के कारण महिलाएं अपनी बीमारी को खुलकर नहीं बता पाती हैं। इस कारण उनकी बीमारी का सही उपचार नहीं हो पाता। उन्होंने बताया कि अब दाई-दीदी क्लीनिक में महिला चिकित्सक और महिला स्टाफ होने से वे निःसंकोच अपना इलाज करा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें महिलाओं को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्हें अस्पतालों जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने महिलाओं से इस क्लीनिक का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की है।

अधिकारियों ने बताया कि दाई-दीदी क्लीनिक में महिलाओं के प्राथमिक उपचार के साथ-साथ महिला चिकित्सक द्वारा स्तन कैंसर की जांच, गर्भवती महिलाओं की नियमित तथा विशेष जांच आदि की अतिरिक्त सुविधाएं होगी।

संजीव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now