देश की खबरें | दहिया उलटफेर का शिकार, अमन को एशियाड का टिकट; कालीरमन 65 किग्रा के विजेता

नयी दिल्ली, 23 जुलाई ओलंपिक रजत पदक विजेता रवि दहिया एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पाएंगे क्योंकि रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुए ट्रायल्स में वह 57 किग्रा भार वर्ग में अतीश टोडकर से हारकर बाहर हो गए।

इस भार वर्ग के ट्रायल में हालांकि अमन सेहरावत ने विजेता बनकर एशियाई खेलों का टिकट कटाया।

दहिया को अपने उत्कृष्ट कौशल और दमखम के कारण ‘ मशीन’ कहा जाता है और उनसे महाराष्ट्र के रहने वाले टोडकर के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी।

रविवार को उन्होंने कुछ शानदार अंक बनाए लेकिन टोडकर ने आखिर में उन्हें चित कर दिया। दहिया के मामले में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है।

टोडकर तब 20-8 से आगे चल रहे थे जब उन्होंने दहिया के कंधे को जमीन पर लगाया। टोडकर ने दहिया को लगातार चकमा दिया और अपने शानदार खेल से उलटफेर भरी जीत दर्ज की।

दहिया ने अपने दाहिने घुटने में एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) और एमसीएल (मेडियल कोलैटरल लिगामेंट) की चोटों के कारण लंबे समय से किसी प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया था।

दहिया के रिहैबिलिटेशन पर नजर रखने वाले डॉ. मुनेश कुमार ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘ रवि (दहिया) को छह फरवरी को अपने दाहिने घुटने में एसीएल और एमसीएल दोनों चोटों का सामना करना पड़ा था। हमने अप्रैल की शुरुआत में प्रशिक्षण शुरू किया था और उन्होंने लगभग 10 दिन पहले पूरे दमखम से अभ्यास शुरू किया था। उन्हें ऐसे मुकाबलों से पहले प्रतिस्पर्धा की जरूरत थी और इसकी कमी के कारण आज उसे निराशा हुई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)