देश की खबरें | महाराष्ट्र में कमजोर पड़ा चक्रवात निसर्ग, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार तक चक्रवात निसर्ग के कमजोर पड़ने के बाद बारिश संबंधी विभिन्न हादसों में दो लोगों की जान चली गई। वहीं देश के उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश हुयी ।
नयी दिल्ली, चार जून महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार तक चक्रवात निसर्ग के कमजोर पड़ने के बाद बारिश संबंधी विभिन्न हादसों में दो लोगों की जान चली गई। वहीं देश के उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश हुयी ।
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। बृहस्पतिवार शाम तक इस चक्रवात के राज्य के दक्षिणी हिस्से से पश्चिमी हिस्से में जाने के बजाय मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना थी।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात मध्यप्रदेश में प्रवेश करने से पहले चक्रवाती तूफान में बदल गया और आगे इसके और कमजोर होने की संभावना है।
नासिक के कुछ हिस्सों में लोगों ने भारी बारिश का सामना किया। बारिश से जुड़ी एक दुर्घटना में पोल्ट्री फार्म में घुसते समय 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुणे में दीवार ढहने की घटना में घायल हुए 35 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
निसर्ग और इसके साथ आयी बारिश का मुंबई के वायु गुणवत्ता स्तर पर सकारात्मक प्रभाव देखा गया। मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक 17 दर्ज किया गया जो इस वर्ष का श्रेष्ठ है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने चक्रवाती तूफान से प्रभावित रायगढ़ जिले में बहाली का काम शुरू कर दिया है। चक्रवात में कई कच्चे घर, झुग्गियां आदि नष्ट होने के साथ ही सैंकड़ों पेड़ और बिजली के खँभे भी उखड़ गए थे। इनके अलावा कुछ घरों की छतें उड़ गई।
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री कम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में बाडमेर सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर और बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार चुरू, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा और दाबोक(उदयपुर) में भी अधिकतम तापमान क्रमश: 39.3, 38.8, 35.4, 35, 33.9 और 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच अजमेर और दाबोक में क्रमश: 6.8 और 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना जतायी है।
हरियाणा के अंबाला में दिन में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से दो डिग्री कम है।
पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से तीन डिग्री कम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2020 10:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

