विदेश की खबरें | चक्रवात ‘बिपारजॉय’: पाकिस्तान में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सेना को मदद के लिए बुलाया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कराची, 13 जून चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय’ के पाकिस्तानी शहर कराची के करीब पहुंचने के बीच सिंध प्रांत की सरकार ने सेना और नौसेना को मदद के लिए बुलाया है। वहीं समुद्री तट के आसपास रहने वाले 80 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज़ कर दिया गया है।

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) के नए परामर्श के मुताबिक, ‘बिपारजॉय’ बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान से कमज़ोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है और पिछले 12 घंटे के दौरान यह उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा है। यह फिलहाल, कराची के दक्षिण से 470 किलोमीटर और थट्टा के दक्षिण से 460 किलोमीटर दूर है।

पीएमडी ने कहा कि हवा की रफ्तार 140-150 किलोमीटर प्रति घंटा हैं जो 170 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और इस कारण समंदर में 30 फुट ऊंची लहर उठ सकती हैं।

चक्रवात के 14 जून की सुबह तक उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है जिसके बाद यह मुड़कर उत्तर पूर्व की ओर बढ़ेगा तथा 15 जून की दोपहर या शाम तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में केटी बंदर (दक्षिण पूर्वी सिंध) और भारत में गुजरात के तट को पार कर करेगा। इस दौरान 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध की सरकार ने बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने मीडिया को बताया कि आपातकाल घोषित कर दिया गया है और 80,000 से अधिक लोगों को खतरा है जिन्हें स्थानांतरित करने में मदद करने के लिए सेना और नौसेना को बुलाया गया है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सोशल मीडिया, मस्जिदों और रेडियो स्टेशनों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए आदेश दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि थट्टा, केटी बंदर, सुजावल, बादिन, थारपारकर और उमेरकोट जिलों में पहले से ही बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। ये इलाके चक्रवात ‘बिपारजॉय’ से प्रभावित हो सकते हैं। ‘बिपारजॉय’ बांग्ला का शब्द है जिसका मतलब ‘आपदा’ होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)