चक्रवाती तूफान अम्फान शाम सात बजे तक पूरी तरह दस्तक दे देगा : मौसम विभाग
महापात्र ने कहा कि पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली प्रचंड हवाएं चलनी शुरू हो गयी हैं।
नयी दिल्ली, 20 मई भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बुधवार को कहा कि चक्रवाती तूफान अम्फान इस समय सुंदरबन के पास पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र से गुजर रहा है और शाम तक कोलकाता के पास पहुंच जाएगा।
महापात्र ने कहा कि पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली प्रचंड हवाएं चलनी शुरू हो गयी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवाती तूफान अम्फान का आगे वाला हिस्सा दस्तक दे चुका है। तूफान का बीच वाला हिस्सा किसी भी समय पहुंच सकता है।’’
महापात्र ने कहा कि घने बादलों के साथ दोपहर 2.30 बजे तूफान का जमीन से टकराना शुरू हो गया।
तूफान के मध्य क्षेत्र (आई ऑफ स्टॉर्म) का व्यास करीब 40 किलोमीटर है और तूफान के पूरी तरह पहुंचने की प्रक्रिया तीन से चार घंटे में पूरी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि शाम सात बजे तक तूफान पूरी तरह दस्तक दे देगा।’’
महापात्र ने यह भी कहा कि तूफान का पूर्वानुमान सटीक है।
उन्होंने कहा कि भारत तूफान की चेतावनी बांग्लादेश को भी जारी कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)