देश की खबरें | हरियाणा के हिंसा प्रभावित नूंह में कर्फ्यू

चंडीगढ़, एक अगस्त हरियाणा के हिंसा प्रभावित नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया।

नूंह में भीड़ द्वारा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा निकाली जा रही यात्रा को रोकने की कोशिश करने के कारण भड़की हिंसा में होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई तथा कई लोग घायल हो गए।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को बताया कि नूंह जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

नूंह में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन मंगलवार को किसी ताजा हिंसा की जानकारी नहीं मिली।

अधिकारियों ने बताया कि नूंह और अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ‘‘कड़ी कार्रवाई’’ की जाएगी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं सभी लोगों से प्रदेश में शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। दोषी लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)