देश की खबरें | कश्मीर में बर्फबारी संबंधी हादसे में सीआरपीएफ अधिकारी, महिला की मौत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

श्रीनगर, छह जनवरी कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण अलग-अलग घटनाओं में बुधवार को सीआरपीएफ के एक अधिकारी और एक 74 वर्षीय महिला की मौत हो गयी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ की 115वीं बटालियन में सब इंस्पेक्टर एच सी मुरमुर नेशनल कांफ्रेंस के नेता सईद अखून के निवास पर सुरक्षा प्रभारी के तौर पर तैनात थे। अखून के निवास पर सुरक्षा कर्मियों के लिए बने कमरे का हिस्सा ढह जाने से मुरमुर घायल हो गए थे।

उन्होंने बताया कि घायल सीआरपीएफ अधिकारी को एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में कुपवाड़ा जिले में बर्फ के नीचे दबकर रहमी बेगम की मौके पर ही मौत हो गयी।

कश्मीर में रविवार से हो रही भारी बर्फबारी में कई मकान ढह गए हैं या कई क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

घाटी में कई जगहों खासकर दक्षिणी कश्मीर में बर्फबारी जारी है। अधिकारियों ने बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों से कई परिवारों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)