देश की खबरें | अमेरिका में लोक केरल सभा के लिए धन जुटाये जाने का माकपा ने समर्थन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में सत्तारूढ़ दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस महीने न्यूयॉर्क में आयोजित किये जा रहे राज्य के प्रवासियों के सम्मेलन ‘लोक केरल सभा’ के लिए अमेरिका में धन जुटाये जाने का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार नहीं, बल्कि आयोजकों द्वारा यह किया गया है।

तिरूवनंतपुरम, दो जून केरल में सत्तारूढ़ दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस महीने न्यूयॉर्क में आयोजित किये जा रहे राज्य के प्रवासियों के सम्मेलन ‘लोक केरल सभा’ के लिए अमेरिका में धन जुटाये जाने का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार नहीं, बल्कि आयोजकों द्वारा यह किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नजदीक बैठने या खड़े होने के लिए प्रवासियों से पैसे लिये जाने का आरोप लगने के बाद एक विवाद पैदा हो गया है। यह सम्मेलन नौ,10 और 11 जून को न्यूयॉर्क में आयोजित किया जाएगा।

इस मुद्दे को लेकर राज्य की एलडीएफ सरकार पर विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा लगातार हमला किये जाने के बीच, माकपा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य ए. के. बालन ने सवाल किया, ‘‘लोक केरल सभा के क्षेत्रीय सम्मेलन के लिए प्रायोजकों द्वारा धन जुटाने में गलत क्या है।’’

पूर्व मंत्री बालन ने आरोप लगाया कि विपक्ष अनावश्यक विवाद पैदा कर विदेशों में रहे केरलवासियों को बदनाम कर रहा है।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘कार्यक्रम के लिए प्रायोजक धन जुटा रहे हैं, मंत्री नहीं। कार्यक्रम के आयोजन समिति के अध्यक्ष ने कहा है कि धन के किसी तरह के दुरूपयोग का पता लगाने के लिए समीक्षा की जा रही है। फिर, आप प्रवासियों पर संदेह क्यों कर रहे हैं?’’

बालन के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीतला ने आरोप लगाया कि लोक केरल सभा से राज्य के प्रवासियों को लाभ नहीं होगा।

माकपा की खिल्ली उड़ाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कार्यक्रम को प्रायोजित किये जाने के संबंध में वाम दल का दावा चंदा लेने का एक नया तरीका है। उन्होंने राज्य में धन जुटाने के लिए वाम दल द्वारा घर-घर जाकर किये जाने वाले जनसंपर्क कार्यक्रम का हवाला देते हुए यह कहा।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ने लोक केरल सभा का पिछले दो साल बहिष्कार किया क्योंकि उसने महसूस किया कि यह प्रवासियों के सभ्रांत वर्ग के लिए आयोजित किया जाने वाला व्यर्थ का कार्यक्रम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\