देश की खबरें | भाकपा (माओवादी) नेता हरिभूषण की दिल का दौरा पड़ने से मौत

हैदराबाद, 23 जून प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के तेलंगाना प्रदेश समिति के सचिव हरिभूषण की कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भद्राद्री-कोठगुडम में पुलिस ने बताया कि हरिभूषण (50) की कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी। पुलिस ने एक विज्ञप्ति में दावा किया कि उसकी मौत प्रतिबंधित संगठन की तेलंगाना में गतिविधियों के लिए बड़ा झटका है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ माओवादी नेताओं के अलावा उसके निचले क्रम के सदस्यों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के संकेत मिलने के बावजूद उसकी केंद्रीय समिति ने बयान जारी किए कि कोई भी संक्रमित नहीं पाया गया है।

पुलिस ने कहा कि शीर्ष भाकपा (माओवादी) नेताओं को हरिभूषण और नंदू तथा सोबराई समेत अन्य नेताओं की मौत की जिम्मेदारी लेनी होगी क्योंकि उनकी मौत उचित इलाज न मिलने के कारण हुई।

उसने कहा कि माओवादी नेतृत्व साथ छोड़ने के इच्छुक अपने किसी भी कैडर को संगठन न छोड़ने देकर मानवाधिकार का उल्लंघन कर रहा है ।

पुलिस ने कोविड-19 की चपेट में आए माओवादी नेताओं से आत्मसमर्पण करने और उचित इलाज कराने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि वह उन्हें सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले सभी फायदे दिलाने की जिम्मेदारी लेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)