नयी दिल्ली, 26 दिसंबर भारत कोविड-19 मामलों में किसी भी बढ़ोतरी की स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों की तैयारियों की पड़ताल करने के वास्ते मंगलवार को एक ‘मॉक ड्रिल’ करेगा।
वहीं प्राधकारियों ने मास्क के उपयोग को प्रोत्साहित किया और कर्नाटक ने स्कूल, कॉलेज और उन जगहों पर इसे अनिवार्य कर दिया जहां नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी भीड़ जुटती है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि चीन और अन्य देशों में संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच एहतियाती उपायों के तहत देशभर में सभी कोविड अस्पतालों में आयोजित होने वाली ‘मॉक ड्रिल’ में राज्य के सभी स्वास्थ्य मंत्री अपने स्तर पर हिस्सा लेंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चिकित्सकों के साथ एक बैठक में उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की कवायद हमारी परिचालन तत्परता में मदद करेगी, यदि कोई कमी है तो इससे उसे दूर करने में मदद मिलेगी और इसके परिणामस्वरूप हमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया मजबूत होगी।’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस के 196 नए मामले सामने आये, जबकि उपचाराधीन मामले मामूली रूप से बढ़कर 3,428 हो गए।
मंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कोविड के मामले बढ़ने के मद्देनजर देशभर के विभिन्न हवाईअड्डों पर कोविड-19 की बिना क्रम के जांच शुरू कर दी गई है।
बिहार के अधिकारियों ने कहा कि तीर्थयात्रा पर राज्य आये पांच विदेशी नागरिक कोविड-19 से संक्रमित पाये गए हैं, जिनमें से चार थाईलैंड से और एक म्यांमार से है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे और गया रेलवे स्टेशन पर जांच बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि सप्ताहांत के दौरान कुल मिलाकर 33 विदेशियों की जांच की गई थी, जिनमें से चार महिला और एक पुरुष संक्रमित मिला। उन्होंने बताया कि 35 से 75 साल की उम्र के सभी संक्रमितों की हालत स्थिर है और वे जिस होटल में ठहरे हैं वहां उन्हें पृथक रखा गया है।
उत्तर प्रदेश में हाल ही में चीन से लौटे एक व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने के बाद, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे व्यक्तियों से सोमवार को, तब तक घर में रहने की अपील की, जब तक कि वे कोविड-19 की जांच नहीं करा लेते। उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी की जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आती है, तो उन्हें तुरंत प्रशासन को सूचित करना चाहिए और हम सभी व्यवस्था करेंगे।’’
उन्होंने पीटीआई- से कहा, ‘‘हमें आगरा में एक कोविड पॉजिटिव मरीज के बारे में जानकारी मिली है और उसका नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है। चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है और मरीज घर में पृथकवास में है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY