नयी दिल्ली, 20 अगस्त कॉस्मो फिल्म्स लिमिटेड ने बताया कि जून 2020 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान मार्जिन में सुधार के चलते उसका संचयी शुद्ध लाभ 69.15 प्रतिशत बढ़कर 46.99 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि एक साल पहले की इसी अवधि में उसका संचयी शुद्ध लाभ 27.78 करोड़ रुपये था।
कंपनी पैकेजिंग, लैमिनेशन, लेबलिंग और सिंथेटिक कागज के लिए विशेष किस्म की पन्नी तैयार करती है।
हालांकि, कंपनी की परिचालन आय समीक्षाधीन अवधि के दौरान 11.04 प्रतिशत गिरकर 481.29 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 541.02 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का खर्च भी 17.16 प्रतिशत घटकर 420.64 करोड़ रुपये रह गया जो कि एक साल पहले इसी अवधि में 507.83 करोड़ रुपये रहा था।
एक अन्य जानकारी में कॉस्मो फिल्म्स ने बताया कि वह पालतू जानवरों की देखभाल के कारोबार में उतर रही है और इसके लिए कंपनी के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस दिशा में पायलट योजना अगले साल की शुरुआत में जारी की जा सकती है।
कॉस्मो फिल्म्स के सीईओ पंकज पोद्दार ने इस बारे में बताया कि कंपनी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इस परियोजना को प्रायोगिक तौर पर लागू करेगी, जिसके लिए अगले 18 महीनों में लगभग 15 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY