देश की खबरें | भ्रष्टाचार मामला : उच्च न्यायालय ने पंजाब के पूर्व मंत्री विजय सिंगला को जमानत दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में जमानत दे दी।

चंडीगढ़, आठ जुलाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में जमानत दे दी।

सिंगला के वकील विनोद घई ने बताया, “न्यायमूर्ति लीजा गिल ने सिंगला की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली और उन्हें नियमित जमानत दे दी।”

घई के मुताबिक, उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में दलील दी थी कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और सिंगला ने उनकी आवाज के नमूने लेने की अभियोजन पक्ष की अपील का विरोध नहीं किया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिंगला को अपने मंत्रिमंडल से हटा दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि उन्होंने सिंगला के अपने विभाग से जुड़े टेंडर और खरीद को मंजूरी देने के लिए एक फीसदी कमीशन लेने की जानकारी मिलने के बाद यह फैसला किया है।

मान ने सिंगला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था, जिसके बाद उन्हें 24 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इससे पहले, मोहाली की एक अदालत ने सिंगला की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का रुख किया था।

52 वर्षीय सिंगला पंजाब में फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में मानसा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने पंजाबी गायक एवं कांग्रेस उम्मीदवार शुभदीप सिंग सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला को हराकर यह सीट हासिल की थी।

सिंगला पेशे से दंत चिकित्सक हैं।

मूसेवाला की 29 मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\