Coronavirus: भोपाल में ट्रेन के 20 कोचों में 320 बिस्तरों वाला कोविड देखभाल सेंटर शुरू
मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कोविड-19 के नये मामलों के मद्देनजर अस्पतालों में बिस्तरों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के 20 कोचों में 320 बिस्तरों वाला कोविड देखभाल केन्द्र रविवार से शुरू कर दिया।
भोपाल: मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कोविड-19 के नये मामलों के मद्देनजर अस्पतालों में बिस्तरों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के 20 कोचों में 320 बिस्तरों वाला कोविड देखभाल केन्द्र रविवार से शुरू कर दिया. मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल रेलवे स्टेशन के छह नंबर प्लेटफॉर्म पर बनाये गये इस कोविड देखभाल केन्द्र का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि ट्रेन के इन कोचों में आवश्यक दवाइयां एवं कर्मी हैं तथा इनमें आपात स्थिति में उपयोग करने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर भी हैं.
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए भोपाल स्टेशन पर रेलवे द्वारा पृथक-वास कोच उपलब्ध कराए गए हैं. मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में कोचों को ठंडा रखने के लिए इनकी खिड़कियों में कूलर लगाए गए हैं और साथ-साथ मच्छरदानियों की व्यवस्था भी की गई है. उन्होंने कहा, ‘‘इस केन्द्र में मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया गया है. यह भी पढ़े: Madhya Pradesh: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कल रात से भोपाल और इंदौर में लागू होगा नाइट कर्फ्यू
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार सुबह ट्वीट किया था, ‘‘मध्य प्रदेश के भोपाल में भारतीय रेल द्वारा 20 कोविड देखभाल कोचों की व्यवस्था की गयी है, जिनमें 320 बिस्तर होंगे। ये कोच 25 अप्रैल से पूरी तरह कार्य करना शुरू कर देंगे. पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर इन पृथक-वास कोचों को लगाया गया है.
उन्होंने कहा कि इस केन्द्र में कोविड-19 के केवल हल्के एवं मध्यम लक्षण वाले मरीजों को ही भर्ती किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इनमें गंभीर रूप से बीमार मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा. अधिकारी ने बताया कि यदि इस केन्द्र में कोई भर्ती मरीज गंभीर हो जाता है, तो उसे किसी अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भेज दिया जाएगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2021 05:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

