भुवनेश्वर, तीन सितंबर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव वी के पांडियन के हेलीकॉप्टर से राज्य भर में दौरे करने को लेकर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप-प्रत्योरोप का दौर चल रहा है।
भाजपा का आरोप है कि अब तक निजी सचिव के दौरों पर सरकारी खजाने का 500 करोड़ रुपये खर्च किया जा चुका है। जबकि बीजद ने इस दावे को खारिज करते हुए भाजपा पर संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए ओडिशा के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
भाजपा के प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पांडियन के दौरों पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किये गये।
अनिल बिस्वाल ने कहा, ‘‘ पांडियन ने अलग-अलग मौकों पर एक विवाह समारोह और दो बीजद नेताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भी हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया था। ’’
उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री के निजी सचिव निजी समारोहों में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं के हकदार हैं।
बीजद की वरिष्ठ नेता और ओडिशा के वाणिज्य और परिवहन मंत्री तुकुनी साहू ने भाजपा के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष “मुख्यमंत्री के निर्देश पर की गई यात्राओं के दौरान पांडियन द्वारा विभिन्न समस्याओं के समाधान प्रदान किए जाने से परेशान है”।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY