देश की खबरें | संविदा विद्युतकर्मी की करंट लगने से मृत्यु, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलिया (उप्र), 29 जून उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चेतन किशोर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक ट्यूबवेल पर 25 केवीए के ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी दूर कर रहे बिजली विभाग के एक संविदाकर्मी की करंट लगने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अज्ञात विद्युतकर्मी के विरुद्ध लापरवाही के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चेतन किशोर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह बिजली विभाग का संविदाकर्मी योगेश राम (32) एक ट्यूबवेल पर 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर गड़ब़ड़ी दूर कर रहा था।

उन्होंने बताया कि अचानक विद्युत आपूर्ति चालू किए जाने से वह बिजली करेंट की चपेट में आ गया तथा पोल से गिरकर कर उसकी मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजनों और ग्रामीणों ने शव देने से मना कर दिया और वे मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे।

इसी बीच क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी भी पहुंच गए और इस घटना से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सिकंदरपुर अरुण कुमार मिश्र ने मृतक की पत्नी अमृता को पांच लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की जानकारी दी।

बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ए के सिंह ने शट डाउन के बाद आपूर्ति बहाली को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि संविदाकर्मी के चाचा विद्या सागर की तहरीर पर अज्ञात विद्युत कर्मी के विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)