नयी दिल्ली, 19 फरवरी केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा है कि पूर्वोत्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राजमार्गों के किनारे करीब 40 ‘व्यू प्वाइंट’ (अद्भुत नजारों को देखने के लिए बनाए गए विशेष स्थल) बनाने का कार्य शुरू हो गया है।
पिछले नवंबर में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने आइजोल में घोषणा की थी कि पूर्वोत्तर में राजमार्गों के किनारे 100 ‘व्यू प्वाइंट’ बनाये जायेंगे जिसकी शुरुआत मिजोरम में ऐसे नौ स्थलों के निर्माण के साथ होगी।
उन्होंने एक दिसंबर को जी-20 की एक साल की अध्यक्षता भारत को मिलने से पहले मिजोरम की राजधानी आइजोल में यह घोषणा की थी।
रेड्डी ने तब संवाददाताओं से कहा कि जी-20 की कुछ बैठकें पूर्वोत्तर में होंगी और आइजोल एक ऐसी बैठक की मेजबानी करेगा।
हाल में दिल्ली में बातचीत के दौरान केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने अपने मंत्रालय के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति और भावी योजनाओं की जानकारी दी।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे रेड्डी ने कहा कि भारत दुनिया के सामने अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है और वह पर्यटन के क्षेत्र में कई सूचकांक पर आगे ‘बढ़ा’ है।
पूर्वोत्तर की पर्यटन केंद्रित परियोजनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में जिन 100 ‘व्यू प्वाइंट’ का निर्माण किया जाएगा, उनमें करीब 40 ऐसे स्थलों के लिए निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
रेड्डी ने कहा, ‘‘ हम इन ‘व्यू प्वांइट’ के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र विभाग मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ काम करेंगे और इन स्थलों पर यात्री अद्भुत नजारा तो देख ही सकेंगे, साथ ही उनके लिए वहां शौचालय, खानपान केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाएं भी होंगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY