शिलांग, 24 मार्च मेघालय के मुख्यमंत्री एवं नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कोनराड के. संगमा ने राज्य की दो लोकसभा सीट के लिए उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को समर्थन देने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फैसले का रविवार को स्वागत किया और दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मणिपुर में मिलकर संसदीय चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा ने दो दिन पहले घोषणा की थी कि वह शिलांग और तुरा लोकसभा सीट पर एनपीपी के उम्मीदवारों को समर्थन देगी।
एनपीपी अध्यक्ष ने दावा किया कि शिलांग लोकसभा सीट के लिए उनके उम्मीदवार अम्परीन लिंगदोह को नोंगथिम्मई ब्लॉक और कुछ अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विपक्षी तृणमूल कांग्रेस का समर्थन भी हासिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उन सभी राजनीतिक दलों के आभारी हैं, जो हमें अपना समर्थन दे रहे हैं। हमें अब भाजपा से समर्थन मिल रहा है। हमें नोंगथिम्मई (विधानसभा) निर्वाचन क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस से समर्थन मिला है और शायद, वे हमें नोंगथिम्मई से बाहर भी समर्थन देंगे।’’
एनपीपी प्रमुख ने कहा, ‘‘हमें हर किसी से समर्थन मिल रहा है और हम इसके लिए आभारी हैं, लेकिन अभी भी बहुत काम किया जाना बाकी है। हम लोगों तक पहुंचेंगे और उनसे जुड़ेंगे एवं अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे, ताकि सब कुछ ठीकठाक हो तथा हमें उम्मीद है कि सब बेहतरीन होगा।’’
संगमा ने कहा कि एनपीपी उम्मीदवार को समर्थन देने का भाजपा का निर्णय पार्टी उम्मीदवार के लिए ‘प्रोत्साहन’ है, क्योंकि भाजपा के पास करीब एक लाख मतदाता हैं।
पूर्वोत्तर में राजग की साझेदारी पर उन्होंने कहा, ‘‘इन राज्यों में एक खास राजनीतिक दल द्वारा प्रायोजित किया जा सकता है, क्योंकि मेघालय में एनपीपी, नगालैंड में एनडीपीपी, बाहरी मणिपुर सीट पर एनपीएफ (नगा पीपुल्स फ्रंट) और अरुणाचल प्रदेश में भाजपा (प्रभावी) है।’’
एनपीपी प्रमुख पार्टी के कुछ नेताओं और विधायकों के साथ नगालैंड में भी राजग के सर्वसम्मत उम्मीदवार की संभावना पर चर्चा करने के लिए अपने नगालैंड समकक्ष नेफू रियो से मिलने सोमवार को नगालैंड रवाना होंगे।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सहयोगी लोकसभा चुनाव के लिए अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और यहां तक कि मणिपुर में भी एक साथ आ रहे हैं।
मेघालय की कैबिनेट मंत्री अम्पारीन लिंगदोह शिलांग लोकसभा से मौजूदा सांसद और मेघालय कांग्रेस प्रमुख विंसेंट एच पाला के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी, जबकि कोनराड संगमा की बहन अगाथा संगमा को एनपीपी ने तुरा लोकसभा से फिर से नामांकित किया है, जो कभी उनके दिवंगत पिता पी. ए. संगमा के पास थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY