देश की खबरें | खरगे के नेतृत्व में मजबूत होगी कांग्रेस : कमलनाथ

भोपाल, 19 अक्टूबर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई दी।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावी मुकाबले में खरगे को लोकसभा सदस्य शशि थरुर पर जीत मिली है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खरगे को बधाई देते हुए कहा, ‘‘हमें पूरी उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ कांग्रेस संगठन को मिलेगा और उनके कुशल नेतृत्व में कांग्रेस नये मुकाम हासिल करेंगी व संगठन को और मजबूती मिलेगी।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी खरगे को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि खरगे के अनुभव से कांग्रेस को लाभ तो मिलेगा ही साथ ही उनके कुशल नेतृत्व में निश्चित ही कांग्रेस पार्टी नए आयाम छूएगी।

इससे पहले दिन में कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया।

उन्होंने बताया कि खरगे को 9,385 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए, जबकि 416 वोट अवैध करार दिए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)