एजेंसी न्यूज

कांग्रेस ने 2024 में कर्नाटक में लोकसभा की 20 सीट जीतने का लक्ष्य रखा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों पर चर्चा के लिए शनिवार को मंत्रियों के साथ एक बैठक बुलाई और 28 में से कम से कम 20 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा.

कांग्रेस ने 2024 में कर्नाटक में लोकसभा की 20 सीट जीतने का लक्ष्य रखा
Siddaramaiah DK Shivakumar Photo Credits: IANS

बेंगलुरु, 4 नवंबर: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों पर चर्चा के लिए शनिवार को मंत्रियों के साथ एक बैठक बुलाई और 28 में से कम से कम 20 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा. परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने बताया कि बैठक में 19 मंत्रियों ने भाग लिया, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति और केंद्र से कोई सहायता नहीं मिलने पर भी चर्चा की.

उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई और बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने इस मुद्दे पर नहीं बोलने का निर्देश दिया है. पार्टी सूत्रों ने कहा कि यह बैठक सुबह के नाश्ते के दौरान हुई. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने एक बैठक बुलाई थी, जिसमें 19 मंत्री मौजूद थे. इसका उद्देश्य अगले साल होने वाले संसदीय चुनावों पर चर्चा करना था. सारी चर्चा हो चुकी है. हमारा लक्ष्य 20 सीट जीतने का है.”

मंत्रियों द्वारा सार्वजनिक मंच पर संभावित बदलाव की चर्चा के कारण पैदा हुए भ्रम पर एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को लेकर कोई भ्रम नहीं है. आलाकमान ने कहा है कि विकास कार्यों को छोड़कर कोई बात नहीं करनी है”. उन्होंने कहा, “चूंकि एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कुछ दिन पहले हमें इस बारे में न बोलने का निर्देश दिया था, इसलिए सार्वजनिक बयान देने का सवाल ही नहीं उठता. तो आपको (मीडिया) भी ऐसे सवाल नहीं पूछने चाहिए। आपको मुझसे विकास के बारे में ही पूछना है.”

रेड्डी ने कहा कि बैठक में राज्य में सूखे की स्थिति पर भी चर्चा हुई और मंत्रियों से इसका सामना करने के लिए काम करने को कहा गया. इस संदर्भ में उन्होंने केंद्र पर कुछ नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “सूखे के बावजूद केंद्र ध्यान नहीं दे रहा है. इसने एक पैसा भी जारी नहीं किया। (विधानसभा) चुनाव के दौरान वे (केंद्रीय मंत्री) वोट मांगने के लिए बड़ी संख्या में आ रहे थे, लेकिन अब कोई नहीं आ रहा है, जबकि हम गंभीर संकट में हैं.” अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के बारे में जमीनी रिपोर्ट सौंपने के लिए मंत्रियों को कांग्रेस के निर्देश के बारे में रेड्डी ने कहा कि इस पर भी चर्चा हुई.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 04, 2023 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).