देश की खबरें | केरल में एक छात्रा की मौत को लेकर कांग्रेस ने वाममोर्चा सरकार पर साधा निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक कॉलेज छात्रा की मौत के लिए वाममोर्चा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उसकी ‘गलत सहकारी नीतियों’ की शिकार बनी। ‘केरल बैंक’ से घर की कुर्की का नोटिस मिलने के बाद यह छात्रा फांसी पर लटकी मिली थी।

तिरुवनंतपुरम, 21 सितंबर केरल में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक कॉलेज छात्रा की मौत के लिए वाममोर्चा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उसकी ‘गलत सहकारी नीतियों’ की शिकार बनी। ‘केरल बैंक’ से घर की कुर्की का नोटिस मिलने के बाद यह छात्रा फांसी पर लटकी मिली थी।

सत्तारूढ मोर्चा पर निशाना साधते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से स्पष्टीकरण मांगा कि क्या उनकी सरकार ने आम लोगों को परेशान करने के लिए ही केरल बैंक बनाया।

कोल्लम में मंगलवार शाम को अभिरामी (20) अपने घर में मृत मिली। उसके परिवार के सदस्यों के अनुसार जब वह कॉलेज से लौटी तब उसने घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा देख अवसादग्रस्त हो गयी थी। उनका कहना है कि उसके बाद उसने एक कमरे में खुद को बंद कर लिया और कुछ समय बाद वह फांसी पर लटकी मिली।

अभिरामी के पिता ने केरल बैंक की स्थानीय शाखा से 10 लाख रुपये ऋण लिया था और अब जब वह ऋण की किश्तें नहीं चुका पा रहे थे तब बैंक ने हाल में वसूली कार्यवाही शुरू की थी।

सुधाकरन ने एक बयान में कहा, ‘‘अपने घर पर कुर्की नोटिस चस्पा नजर आने के बाद खुदकुशी के लिए मजबूर हुई अभिरामी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की गलत सहकारी नीतियों की शिकार थी।’’

उन्होंने कहा कि यह कॉलेज छात्रा सहकारी क्षेत्र में राजनीतिक फायदे के लिए बनाये गये केरल बैंक की एक अन्य शिकार है। उन्होंने कहा कि उसकी मौत के लिए राज्य सरकार भी जिम्मेदार है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना उन आम लोगों की रक्षा के लिए स्पष्ट नीतिगत दस्तावेज बनाने में राज्य सरकार की ‘विफलता’ का भी एक उदाहरण है जिनकी आमदनी खत्म हो गयी एवं कोविड महामारी के चलते कर्ज लेने को मजबूर हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now