देश की खबरें | कांग्रेस ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान शुरू किया, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

करनाल (हरियाणा), 15 जुलाई हरियाणा में इस वर्ष के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सोमवार को ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान शुरू किया।

विपक्षी दल ने कहा कि अभियान के तहत वह बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मोर्चों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाना बनाएगी।

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार के खिलाफ एक ‘आरोपपत्र’ जारी किया जिसमें विभिन्न मुद्दों को लेकर इसकी आलोचना की गई है।

रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने यहां पुरानी अनाज मंडी से अभियान की शुरुआत की।

राज्य कांग्रेस प्रमुख उदय भान और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ हुड्डा बाद में करनाल की सड़कों पर चले और एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया।

इस दौरान मार्च निकाला गया जो पुरानी अनाज मंडी से शुरू होकर कर्ण गेट बाजार, बाल्मीकि चौक, बस अड्डा, अंबेडकर चौक और महात्मा गांधी चौक इलाकों से गुजरा।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा सरकार से हरियाणा मांगे हिसाब, अब सिर्फ कांग्रेस से आस’ जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र के लिए लोगों से सुझाव एकत्र किये गये।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हरियाणा को बर्बादी की ओर अग्रसर किया है और दावा किया कि विधानसभा चुनाव में राज्य से उसका सफाया हो जाएगा।

उन्होंने भाजपा के 10 साल के ‘कुशासन’ पर प्रकाश डाला और कांग्रेस का 15 सूत्री ‘आरोपपत्र’ पढ़ा।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हरियाणा में अपराध दर देश में सबसे ज्यादा क्यों है? करनाल और पानीपत समेत राज्य भर के व्यापारियों को रोजाना रंगदारी के लिए फोन आ रहे हैं। उनसे करोड़ों रुपये की मांग की जा रही है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि करनाल की जनता पूछ रही है कि स्मार्ट सिटी परियोजना का क्या हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)