नयी दिल्ली, 14 फरवरी कांग्रेस के पूर्ण अधिवेशन में 24 फरवरी को पार्टी की संचालन समिति बैठक कर पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के चुनाव के संदर्भ में फैसला करेगी।
पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने यह भी बताया कि यदि संचालन समिति सीडब्ल्यूसी का चुनाव कराने का फैसला करती है, तो फिर 25 फरवरी को चुनाव होंगे तथा 26 जनवरी को नतीजे घोषित होंगे।
फिलहाल सीडब्ल्यूसी के स्थान पर संचालन समिति काम कर रही है।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘24 फरवरी की सुबह संचालन समिति की बैठक होगी, जिसमें सीडब्ल्यूसी के चुनाव को लेकर निर्णय किया जाएगा।’’
उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर में हो रहे इस अधिवेशन में 24 फरवरी को दूसरे पहर में विषय संबंधी समिति की भी बैठक होगी। विषय संबंधी समिति में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी शामिल हैं।
कांग्रेस का 85वां पूर्ण अधिवेशन रायपुर में 24 से 26 फरवरी के बीच होगा, जिसमें राजनीति और अर्थव्यवस्था समेत छह विषयों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पार्टी का पूर्ण अधिवेशन होगा। इसमें उनके निर्वाचन पर औपचारिक रूप से मुहर लगेगी तथा नई कार्य समिति के गठन की शुरुआत होगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस का पिछला पूर्ण अधिवेशन 2018 में दिल्ली में हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY