देश की खबरें | इंदौर के आम नागरिकों को राम जन्मभूमि के दर्शन कराएंगे कांग्रेस विधायक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भगवान राम को ‘‘सभी लोगों के आदर्श’’ बताते हुए इंदौर के एक कांग्रेस विधायक ने बुधवार को घोषणा की कि वह अपने खर्च पर आम नागरिकों को अयोध्या की यात्रा कराएंगे ताकि उनकी राम जन्मभूमि दर्शन की इच्छा पूरी हो सके।

इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 नवंबर भगवान राम को ‘‘सभी लोगों के आदर्श’’ बताते हुए इंदौर के एक कांग्रेस विधायक ने बुधवार को घोषणा की कि वह अपने खर्च पर आम नागरिकों को अयोध्या की यात्रा कराएंगे ताकि उनकी राम जन्मभूमि दर्शन की इच्छा पूरी हो सके।

उधर, भाजपा ने तंज कसा कि भगवान राम की दी हुई ‘सदबुद्धि’ के चलते कांग्रेस विधायक ने यह घोषणा की है।

शहर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा बयान के अनुसार, ‘‘भगवान राम हम सबके आदर्श हैं। मैं चाहता हूं कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के हर व्यक्ति की अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि की दर्शन की इच्छा पूरी हो।’’

उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इंदौर नगर निगम के 17 वॉर्ड आते हैं और वह हर महीने एक वॉर्ड के आम नागरिकों को अयोध्या की यात्रा कराएंगे और इसका सारा खर्च स्वयं उठाएंगे।

शुक्ला ने बताया कि "अयोध्या दर्शन यात्रा" के तहत इंदौर के 600 श्रद्धालुओं का पहला जत्था राम जन्मभूमि के लिए 18 दिसंबर को रेलगाड़ी से रवाना होगा।

कांग्रेस विधायक की घोषित इस यात्रा पर भाजपा की शहर इकाई के अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा, "भगवान राम ने शुक्ला को सद्बुद्धि दे दी है। भगवान राम सबके हैं।"

उन्होंने कांग्रेस पर आम लोगों को महज वोट बैंक के रूप में देखने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मैं शुक्ला को एक ही सलाह दूंगा कि वे अयोध्या दर्शन यात्रा के लिए नागरिकों का चुनाव इस आधार पर न करें कि वे भाजपा का समर्थन करते हैं या कांग्रेस का।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now