कांग्रेस नेता सचिन पायलट का तंज, कहा -पहले चरण के बाद बीजेपी साउथ से साफ और नॉर्थ से हाफ' हो जाएगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शनिवार को कहा कि आम चुनाव के पहले चरण के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘बैकफुट’ पर नजर आ रही है और देश के दक्षिणी हिस्से में उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा तथा उत्तर में उसकी ताकत आधे हिस्से में सिमट कर रह जाएगी।
रायपुर, 20 अप्रैल कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शनिवार को कहा कि आम चुनाव के पहले चरण के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘बैकफुट’ पर नजर आ रही है और देश के दक्षिणी हिस्से में उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा तथा उत्तर में उसकी ताकत आधे हिस्से में सिमट कर रह जाएगी.
रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संवाददाताओं से बात करते हुए पायलट ने बताया कि पार्टी नेता प्रियंका गांधी रविवार को राज्य के राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्र में दो रैलियों को संबोधित करेंगी.यह दोनों सीट राज्य के तीन संसदीय क्षेत्रों में से हैं, जहां 26 अप्रैल को आम चुनाव के दूसरे चरण में मतदान होगा.
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि पहले चरण के चुनाव (शुक्रवार को) के बाद भाजपा को समझ आ गया है कि वह बैकफुट पर है. किसी ने कहा है 'साउथ से साफ और नॉर्थ से हाफ'. इसका मतलब है कि उन्हें (भाजपा) उत्तर में वर्तमान में मौजूद सीटों में से आधी सीटें मिलेंगी, जबकि वह लोकसभा चुनाव में दक्षिण और पूर्व में अपना खाता खोलने में विफल रहेगी. भाजपा सिकुड़ जाएगी.’’
छत्तीसगढ़ में बस्तर लोकसभा सीट पर पहले चरण के चुनाव को लेकर पार्टी के राज्य प्रभारी ने कहा, ‘‘मैं बस्तर के लोगों को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने चुनौतियों के बावजूद मतदान किया. वहां से आ रही रिपोर्टें बहुत सकारात्मक हैं और मुझे विश्वास है कि हम सफलता हासिल करेंगे.''
उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी रविवार को अगले चरण के लिए राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करेंगी.दोनों स्थानों पर लोग और पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं तथा उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.पायलट ने कहा, ‘‘आम चुनाव के पहले चरण में मतदान कम हुआ, लेकिन हमें जो रिपोर्ट मिल रही है, उससे पता चलता है कि लोग बदलाव चाह रहे हैं.यह चुनाव बदलाव के लिए है.’’
उन्होंने कहा,‘‘ (भाजपा के) 10 साल के कार्यकाल का आकलन करने के बाद लोग अब समझ गए हैं कि उन्हें बेहतर विकल्प की तलाश करनी होगी.कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन एक बेहतर विकल्प है.’’कांग्रेस नेता ने यह विश्वास भी जताया कि उनके गृह राज्य राजस्थान में उनकी पार्टी उन निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकतम सीटें जीतने जा रही है जहां पहले चरण में मतदान हुआ है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2024 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

