देश की खबरें | भाजपा को मजबूत करने के लिए चुनाव लड़ रही है कांग्रेस; ‘आप’ को हराना एकमात्र मकसद: केजरीवाल

नयी दिल्ली, 30 जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मजबूत होगी।

केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में यह भी दावा किया कि उन्होंने हाल में कांग्रेस समर्थकों के एक समूह से मुलाकात की थी और उनका भी मानना ​​था कि उनकी पार्टी पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में 70 में से एक भी सीट नहीं जीत पाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मैं कांग्रेस के सभी समर्थकों से अपील करना चाहता हूं कि यदि वे कांग्रेस को वोट देंगे तो एक तरह से भाजपा को मजबूत करेंगे। यदि दिल्ली में भाजपा सत्ता में आई तो वह आप लोगों को मिलने वाली ‘आप’ सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बंद कर देगी।’’

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल आम आदमी पार्टी की हार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं।

पार्टी नेता राहुल गांधी ने अपनी रैलियों में आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर निशाना साधा है और ‘‘शीश महल’’ तथा शराब घोटाले के मुद्दों पर कटाक्ष किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)