देश की खबरें | कांग्रेस ने किया था संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा, अब तक नहीं किया पूरा : भाजपा

रायपुर, 14 जुलाई भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य सरकार के संविदा कर्मचारियों की सेवा को नियमित करने की मांग को पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में शामिल करेगी।

राज्य में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का वादा कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनावों से पहले किया था जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है।

राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के लगभग 45 हजार संविदा कर्मचारी 10 जुलाई से नया रायपुर के तूता गांव में धरना स्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तथा सत्ताधारी दल से अपना चुनावी वादा पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

साव ने आज दोपहर विरोध स्थल का दौरा किया और आंदोलनकारियों को समर्थन दिया।

संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''हमने एक घोषणा पत्र समिति का गठन किया है और हम इसमें नियमितीकरण की मांग को शामिल करेंगे। वादे के मुताबिक कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाएगा।''

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र (2018 में) में संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था लेकिन वह इसे पूरा करने में विफल रही।

साव ने कहा, ''भाजपा ने कर्मचारियों के हित में काम किया है और आगे भी करती रहेगी।''

साव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धूप, गर्मी, ऊमस और बारिश के बावजूद अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे कर्मचारियों के हजारों परिवार की चिंता करने के बजाय प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक खानदान, एक परिवार की सेवा और चिंता कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ने अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि सत्ता में आते ही 10 दिन में संविदाकर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा, लेकिन सरकार वादा पूरा करने में टाल-मटोल करती रही, बहानेबाजी करती रही। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी करके हजारों कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य किया है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के साथ-साथ कर्मचारियों को भी बार-बार धोखा दिया है।''

भूपेश-बघेल के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में कांग्रेस नेता मोहन मरकाम को शामिल किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए साव ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस में जिस तरह से फेरबदल हुआ है, उससे पता चलता है कि सत्तारूढ़ दल डरा हुआ और घबराया हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से यह आंदोलन (संविदा कर्मियों का) चल रहा है और लोगों में आक्रोश है, कांग्रेस घबराहट में ऐसा निर्णय ले रही है। इससे उन्हें किसी भी तरह से फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का जाना तय है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)