देश की खबरें | कर्नाटक में कांग्रेस सरकार एकजुट : सुरजेवाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों और सत्तारूढ़ कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों को तवज्जो नहीं देने का प्रयास करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को कहा कि पार्टी की सरकार एकजुट है।
बेंगलुरु, 13 जनवरी कर्नाटक सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों और सत्तारूढ़ कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों को तवज्जो नहीं देने का प्रयास करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को कहा कि पार्टी की सरकार एकजुट है।
कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला ने यह आरोप भी लगाया कि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कहानियां गढ़ने में लगी हुई है।
भाजपा और जनता दल (एस) के बीच मतभेद का दावा करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के भीतर कथित राजनीतिक सत्ता संघर्ष की बातें मीडिया की उपज हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘समाचार चैनलों का एक चुनिंदा समूह बंटी हुई भाजपा पर सवाल उठाने के बजाय एक एकजुट सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। यह सरकार कर्नाटक के हर परिवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से लाभ पहुंचा रही है। उसने कुल 58,000 करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया है।
उनके मुताबिक, कर्नाटक कांग्रेस सरकार की ‘गारंटी’ योजना भारत में सबसे बड़ी कल्याणकारी पहल है और स्वाभाविक रूप से भाजपा इससे परेशान है।
सुरजेवाला ने दावा किया कि भाजपा और उसकी गठबंधन सहयोगी जद(एस) एक दूसरे की राजनीतिक हत्या में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अपने कुकर्मों और विफलताओं को छिपाने की कोशिश में विपक्षी भाजपा, कांग्रेस और उसकी गारंटी को लोगों तक पहुंचाने वालों पर हमला करने के लिए कहानियां गढ़ रही है। वे केवल सिद्धरमैया, डीके शिवकुमार या कांग्रेस सरकार को निशाना नहीं बना रहे हैं, बल्कि वास्तव में कर्नाटक के लोगों पर हमला कर रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम कांग्रेस की गारंटी और कर्नाटक की जनता के खिलाफ भाजपा और जद(एस) के हर ऐसे दुर्भावनापूर्ण कदम का निर्णायक रूप से मुकाबला करेंगे।’’
सुरजेवाला की इस टिप्पणी से एक दिन पहले, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा था कि उनकी कुर्सी खाली नहीं है, लेकिन फिर भी पत्रकार ऐसी खबरें दे रहे हैं कि राज्य में सत्ता परिवर्तन होने वाला है।
सिद्धरमैया ने उन खबरों को अटकलबाजी करार दिया था जिनमें कहा गया था कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार जल्द ही उनकी जगह ले लेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2025 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

