नयी दिल्ली, 18 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में ‘पूरी तरह से विफल’ रही है।
कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक महिला पर कथित रूप से हमला करने और उसे निर्वस्त्र कर घुमाने की हालिया घटना पर अपनी पार्टी की पांच सदस्यीय तथ्यान्वेषी टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद नड्डा ने कहा, ‘‘भाजपा यह सुनिश्चित करने के लिए लोगों की आवाज उठाना जारी रखेगी कि उन्हें उनका उचित अधिकार मिले।’’
नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘कर्नाटक के बेलगावी में एक आदिवासी महिला के खिलाफ हुए जघन्य अत्याचार की जांच के लिए गठित भाजपा की तथ्यान्वेषी टीम की रिपोर्ट मिली है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही है। भाजपा यह सुनिश्चित करने के लिए लोगों की आवाज उठाना जारी रखेगी कि उन्हें उनके उचित अधिकार मिलें।’’
भाजपा अध्यक्ष ने समिति के सदस्यों की ओर से रिपोर्ट सौंपे जाने की एक तस्वीर भी साझा किया।
कर्नाटक के बेलगावी जिले के एक गांव में 11 दिसंबर को एक महिला पर कथित तौर पर हमला किया गया, उसे निर्वस्त्र घुमाया गया और उसे बिजली के खंभे से बांध दिया गया।
नड्डा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘शर्मनाक’ बताया था और कहा था कि राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से वहां ‘नियमित अंतराल पर’ इस तरह के 'जघन्य अपराध' हो रहे हैं।
नड्डा ने राज्य का दौरा करने और एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए पार्टी की महिला सांसदों की पांच सदस्यीय तथ्यान्वेषी दल का भी गठन किया।
पांच सदस्यीय इस दल में भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, सुनीता दुग्गल, लॉकेट चटर्जी, रंजीता कोली और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा शामिल थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY